फगवाड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-1 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बस स्टैंड के पास बने मुख्य पुल पर चल रही एक इंडिगो कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में सवार एक परिवार के सभी चार सदस्य—पति, पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे—समय रहते कार से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की लपटें कुछ ही पलों में तेज होती चली गईं और कार हाईवे पर ही धधकते हुए कबाड़ में तब्दील हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान हाइवे पर काफी देर तक ट्रैफिक प्रभावित रहा।
कार में अचानक बदबू, ड्राइवर ने तुरंत रोकी गाड़ी
पीड़ित वाहन मालिक बलजीत सिंह, जो खन्ना के रहने वाले हैं, ने बताया कि वे परिवार के साथ फगवाड़ा से गुजर रहे थे तभी उन्हें कार से किसी चीज के जलने की गंध आई। उन्होंने तुरंत पुल पर गाड़ी रोक दी और कुछ ही सेकंड में धुआं और आग निकलनी शुरू हो गई।




