जालंधर, (साबी): शहर के रामामंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते अमरीक नगर इलाके में कुछ राशन एवं जनरल स्टोरों पर खुलेआम 5 से 10 रुपये में सिल्वर पेपर बेचे जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सिल्वर पेपर का इस्तेमाल नशे के आदी युवक नशा करने के लिए कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इसकी बिक्री पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही।
इलाके के निवासियों का कहना है कि दुकानदारों को भी इस बात की जानकारी है कि सिल्वर पेपर खरीदने वाले कई युवक इसका उपयोग नशे के सेवन के लिए करते हैं, फिर भी उन्हें आसानी से यह सामग्री उपलब्ध करवा दी जाती है। लोगों का कहना है कि नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस को ऐसे मामलों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार नशेड़ियों के डर और संभावित विवाद के चलते अधिकांश लोग इस संबंध में शिकायत करने से बचते हैं। उनका कहना है कि यदि प्रशासन स्वयं ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाए और दुकानदारों को जागरूक करे तो नशे से जुड़े मामलों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
इस संबंध में जब थाना रामामंडी के एसएचओ से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि अभी तक उनके पास इस प्रकार की कोई आधिकारिक शिकायत नहीं पहुंची है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि अमरीक नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सिल्वर पेपर की बिक्री और उसके दुरुपयोग की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।
लोगों का कहना है कि केवल शिकायतों का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को भी समय-समय पर ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर हालात का जायजा लेना चाहिए। यदि समय रहते इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।




