लुधियानाः महानगर के व्यस्त भारत नगर चौक फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब गेहूं से लदा एक ओवरलोड ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भरी सैकड़ों बोरियां फ्लाईओवर से नीचे जा गिरीं, जिससे नीचे खड़े वाहन और आसपास की दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:15 बजे की है। ट्रक के पलटने के बाद गेहूं की बोरियां तेज़ी से नीचे आ गिरीं और कई कारें, मोटरसाइकिलें व दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह दुर्घटना थोड़ी देर बाद होती, जब ट्रैफिक और भीड़ अधिक होती है, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि हादसा सवा आठ बजे हुआ, लेकिन करीब एक घंटे तक मौके पर कोई पुलिस अधिकारी नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि उन्होंने तुरंत 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी थी, इसके बावजूद सहायता पहुंचने में देरी हुई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad