वार्ड नंबर 22 की बदहाल स्थिति देख हैरान हुए सुरिंद्र सिंह पप्पा, बोले- लोगों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर कर दिया गया

JALANDHAR Punjab

जालंधर। पंजाब प्रदेश के सैक्रेटरी सुरिंद्र सिंह पप्पा ने वार्ड नंबर 22 का दौरा कर इलाके की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान मोहल्ला निवासियों ने उन्हें क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो, टूटी सड़कें, गंदगी, हाई वोल्टेज बिजली की तारें और सफाई व्यवस्था की बदहाली के कारण उनका जीवन बेहद मुश्किल हो गया है।

सुरिंद्र सिंह पप्पा ने कहा कि वार्ड नंबर 22 की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लगभग हर गली में सीवरेज ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर हाई वोल्टेज बिजली की तारें लोगों के घरों के बेहद करीब से गुजर रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं कई गलियों की सड़कें भी टूटी हुई हैं, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुरिंद्र सिंह पप्पा ने यह भी कहा कि जब सीवरेज की सफाई की जाती है तो कर्मचारी निकाला गया सारा गंदा मलबा सीवरेज के पास ही छोड़कर चले जाते हैं। मजबूर होकर मोहल्ला निवासियों को निजी मजदूरों को पैसे देकर उस गंदगी को उठवाना पड़ता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 22 के लोगों की समस्याएं सुनकर और मौके पर हालात देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि लोग इतने खराब हालात में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की कि सीवरेज व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाए, बिजली की खतरनाक तारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए तथा सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।

सुरिंद्र सिंह पप्पा ने मोहल्ला निवासियों को भरोसा दिलाया कि वह उनकी सभी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि वार्ड नंबर 22 के लोगों को जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *