जालंधर (डैस्क): जालंधर में कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने के लिए एक नया अभियान शुरू किया है। पार्टी की ओर से ‘युद्ध गप्प विरुद्ध’ नाम से पोस्टर लगाकर सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। नकोदर और शाहकोट विधानसभा क्षेत्रों सहित कई इलाकों में ये पोस्टर बड़ी संख्या में लगाए गए हैं, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
इन पोस्टरों में बड़े अक्षरों में ‘युद्ध गप्प विरुद्ध’ लिखा गया है और पंजाब सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए गए हैं। नकोदर और शाहकोट क्षेत्र के कई गांवों की दीवारों पर ये पोस्टर दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
पोस्टरों में एक महिला को अखबार पकड़े हुए दिखाया गया है। इसके अलावा नकोदर इलाके में लगाए गए कुछ पोस्टरों पर शाहकोट से कांग्रेस विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया और नवजोत सिंह दहिया की तस्वीरें भी लगी हुई हैं।
पोस्टर के जरिए सरकार को महिलाओं से किए गए चुनावी वादों की याद दिलाने की कोशिश की गई है। इसमें लिखा गया है कि अब इंतजार खत्म होना चाहिए और 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को चार साल के लिए 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
इन पोस्टरों के सामने आने के बाद नकोदर और शाहकोट क्षेत्र में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है।




