पंजाब में इस जगह आतंकी मॉड्यूल के दो सदस्य गिरफ्तार किए, 2.5 किलो आरडीएक्स सहित आईईडी बरामद

Punjab

स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), एस.ए.एस. नगर ने एक विदेशी-आधारित आतंकी मॉड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2.5 किलोग्राम वजनी, पूरी तरह असेंबल आरडीएक्स से भरा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), एक ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महावीर कुमार उर्फ काका निवासी गांव कलाम, जिला एस.बी.एस. नगर (वर्तमान पता घनौली, रूपनगर) और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी गांव कलाम, एस.बी.एस. नगर के रूप में हुई है। बरामद आईईडी दोहरे विस्फोट तंत्र से लैस था, जिसमें रिमोट कंट्रोल और टाइमर दोनों की व्यवस्था थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। खेप प्राप्त करने के बाद उन्होंने आईईडी को एस.बी.एस. नगर बाईपास के पास छिपा दिया था और संभावित लक्ष्य के संबंध में आगे के निर्देशों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, डिवाइस पूरी तरह असेंबल और उपयोग के लिए तैयार था, जो जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे का संकेत देता है।

इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने, सप्लाई चेन और फंडिंग लिंक का पता लगाने के लिए जांच जारी है। ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एआईजी, एसएसओसी, एस.ए.एस. नगर दीपक पारिक ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने जिला एस.बी.एस. नगर से संदिग्ध महावीर उर्फ काका और उसके साथी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान महावीर के कब्जे से एक ग्लॉक पिस्तौल भी बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान महावीर ने खुलासा किया कि उसने आईईडी की खेप प्राप्त कर उसे एस.बी.एस. नगर बाईपास के पास छिपाया था और वह आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपी के खुलासे के बाद पुलिस टीमों ने बताए गए स्थान से आईईडी और एक रिमोट कंट्रोल डिवाइस बरामद कर लिया।

इस संबंध में थाना एसएसओसी, मोहाली, एस.ए.एस. नगर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *