जालंधरः जालंधर में स्थित सतगुरु इमीग्रेशन पर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार कोटकपूरा निवासी एक युवक ने कनाडा जाने के लिए स्पाउस वीजा की फाइल सतगुरु इमीग्रेशन, बी.एम.सी. चौक के पास, के माध्यम से लगवाई थी। आरोप है कि एजेंसी द्वारा उससे कुल 7 लाख 82 हजार रुपये लिए गए और बाद में वीजा आने की जानकारी दी गई।
पीड़ित के अनुसार एजेंसी ने उसे बताया कि उसका कनाडा स्पाउस वीजा अप्रूव हो चुका है और संबंधित दस्तावेज भी सौंप दिए गए। लेकिन जब युवक ने अपने स्तर पर वीजा की ऑनलाइन जांच करवाई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि दिया गया वीजा फर्जी है और दस्तावेजों में कई गंभीर त्रुटियां हैं।
इस खुलासे के बाद पीड़ित परिवार और अन्य लोगों ने बी.एम.सी. चौक स्थित सतगुरु इमीग्रेशन के दफ्तर के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर जमकर हंगामा हुआ और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से भारी रकम वसूली जा रही है और बदले में फर्जी दस्तावेज थमाए जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही गुरप्रीत सिंह ने मौके पर पुलिस को बुला लिया। पीड़ित युवक ने बताया कि उसने विदेश जाने के लिए परिवार से उधार लेकर और संपत्ति गिरवी रखकर पैसे जुटाए थे। अब वीजा फर्जी निकलने से उसे भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है। उसने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
फिलहाल ‘पंजाब जागरण’ इस पूरे मामले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों और मौके पर हुई घटनाओं के आधार पर प्रकाशित की गई है। वहीं पंजाब जागरण की टीम ने सतगुरु इमीग्रेशन से संपर्क किया तो उन्होंने फोन पर कोई भी सहीं जबाव देना उचित नहीं समझा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad