श्री गुरु रविदास जी प्रकाशोत्सव: 31 जनवरी को शोभायात्रा, नकोदर रोड तीन दिन बंद, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

JALANDHAR Punjab

जालंधरः श्री गुरु रविदास जी का पावन प्रकाशोत्सव 1 फरवरी को पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जालंधर में धार्मिक आयोजनों के मद्देनज़र यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रकाशोत्सव के चलते नकोदर रोड को तीन दिनों के लिए बंद रखा जाएगा।

प्रकाशोत्सव से एक दिन पूर्व 31 जनवरी को संगत द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिस कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। जिला प्रशासन ने 31 जनवरी को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस दिन शहर के मुख्य मार्गों पर सुबह से रात तक यातायात प्रभावित रहेगा, जबकि कुछ रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे।

ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक गुरबाज़ सिंह ने जोन इंस्पेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए बताया कि शोभायात्रा के दौरान भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।

शोभायात्रा गुरुद्वारा साहिब बूटा मंडी से शुरू होकर श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक (नकोदर चौक), भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) और पटेल चौक से गुजरते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब बूटा मंडी पर समाप्त होगी। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगा, जबकि कुछ मार्गों पर 31 जनवरी से 1 फरवरी तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

कपूरथला की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग:
कपूरथला से जालंधर आने वाले वाहन वर्कशॉप चौक, मकसूदां चौक, भगत सिंह कॉलोनी, पठानकोट चौक, चौगिट्टी चौक, पीएपी चौक और बीएसएफ चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

इन मार्गों पर अधिक भीड़, जाने से बचें:
प्रतापपुरा मोड़, वडाला चौक, श्री गुरु रविदास चौक, तिलक नगर रोड, बटापिंड मोड़, मैनबों चौक, जग्गू चौक, माता रानी चौक, बबरीक चौक, डॉ. अंबेडकर भवन मोड़, नकोदर चौक, गुरु अमरदास चौक और समरा चौक पर 31 जनवरी से 1 फरवरी तक यातायात बंद रहेगा।

नकोदर-शाहकोट जाने वाले वाहनों के लिए रूट:
जालंधर से नकोदर और शाहकोट की ओर जाने वाले वाहन सतलुज चौक, समरा चौक, कुल रोड, अर्बन एस्टेट फेज-2, सीटी इंस्टीट्यूट और पिंड प्रतापपुरा होते हुए नकोदर रोड का उपयोग करें। वडाला चौक से श्री गुरु रविदास चौक और नकोदर चौक की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *