जालंधर: जालंधर वेस्ट के पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। अंगुराल ने खुद अपने लोगों को पैसे देकर इन संदिग्ध लॉटरी दुकानों पर ग्राहक बनाकर भेजा और मौके पर ही उनका स्टिंग कर पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर दिया।
इस कार्रवाई से पुराना वेस्ट क्षेत्र के लोगों में राहत और खुशी साफ देखने को मिल रही है, क्योंकि ये गैर-कानूनी गतिविधियां युवाओं को लगातार जाल में फंसा रही थीं। वहीं, अवैध कारोबार चलाने वालों में हड़कंप मच गया है और कई दुकानों पर ताले लटक चुके हैं।
शासन-प्रशासन पर उठे सवाल
सबसे बड़ी हैरानी इस बात पर जताई जा रही है कि जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में AAP विधायक की मौजूदगी के बावजूद इस तरह सैंकड़ों अवैध लॉटरी स्टॉल खुले रहे और पुलिस प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सीधे-सीधे मिलीभगत या लापरवाही का मामला है, जिस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अंगुराल बोले—अब नहीं चलेगा अवैध धंधा
अंगुराल का कहना है—
“यह क्षेत्र किसी का निजी जागीर नहीं है। युवाओं का भविष्य खराब करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।”
शीतल अंगुराल के स्टिंग ऑपरेशन के बाद जालंधर वेस्ट में अवैध लॉटरी धंधे पर नकेल कसने की शुरुआत हो चुकी है, और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क पर पूरी तरह कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




